कोरिया टाईम्स ब्यूरो नंदू यादव
सूरजपुर- प्रेरित अनुसंधान के लिए विज्ञान की खोज में नवाचार अर्थात इंस्पायर अवार्ड मानक योजना भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है, जिसमें शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर में अध्यनरत एवं सूरजपुर जिले से एकमात्र चयनित छात्र अविनाश सिंह (कक्षा- 9वीं) का दबदबा रहा, इस विधा में छात्र का राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता (NLEPC) में राष्ट्रीय स्तर पर प्रगति मैदान दिल्ली में दिनांक 17/09/2024 से 19/09/2024 तक अपने प्रोजेक्ट के प्रस्तुतीकरण के लिए चयन हुआ, आपको बता दें कि पूरे भारत वर्ष में कई लाख विद्यार्थी इस विधा में अपनी आइडिया अपलोड करते हैं जिनमें से राज्य स्तर से राष्ट्रीय स्तर पर पूरे भारत में कुल 1000 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है, जिसमें से कुल 350 छात्रों के सर्वश्रेष्ठ मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया जाता है जिसमें अविनाश सिंह का 334 वां स्थान रहा जो कि हमारे विकासखंड, जिला एवं राज्य के लिए गर्व की बात है।
छात्र ने अपने प्रोजेक्ट में कम खर्च में बिना बिजली से चलने वाले लकड़ी का ट्रेडमिल बनाया है,छात्र के गाइड टीचर गोपाल सिंह ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में रचनात्मक और नवीन सोच की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान और सामाजिक अनुप्रयोगों में निहित विचारों एवं नवाचारों को लक्षित करना है। जिले के कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में और जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में जिले में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं जिसके कारण इस प्रकार के प्रतिभाशाली विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, छात्र के मार्गदर्शन में मार्गदर्शक शिक्षक के अलावा जिले के इंस्पायर अवार्ड के प्रभारी संतोष उपाध्याय और संस्था के प्राचार्य पी सी सोनी के अलावा विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।