मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला प्रतिनिधिमंडल, राज्य शासन ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव
कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के यादव समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल सामने आई है। यादव समाज छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए प्रमुख पदाधिकारीगणों ने डॉ. सोमनाथ यादव, पूर्व अध्यक्ष, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (छत्तीसगढ़ शासन) के नेतृत्व में कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भेंट कर समाज की अनेक ज्वलंत मांगों को उनके समक्ष रखा था।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से रावत (Ravat) उपजाति को भारत सरकार की पिछड़ा वर्ग (OBC) केंद्रीय सूची में अहीर के बाद क्रमांक एक पर शामिल किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। मुख्यमंत्री ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राज्य शासन ने केंद्र को भेजा समावेशन प्रस्ताव
मुख्यमंत्री से मुलाकात के पश्चात राज्य शासन ने यादव समाज की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उप सचिव स्तर से भारत सरकार को रावत उपजाति के समावेशन हेतु औपचारिक पत्र प्रेषित कर दिया है। यह पत्र केंद्र सरकार की पिछड़ा वर्ग से संबंधित प्रक्रिया के अंतर्गत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि यह कदम रावत उपजाति को सामाजिक न्याय, शैक्षणिक अवसर और सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
यादव समाज में खुशी, नेतृत्व को सराहना
इस पहल के बाद छत्तीसगढ़ के यादव समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। समाजजन ने डॉ. सोमनाथ यादव के नेतृत्व, एकजुटता और सतत प्रयासों की सराहना करते हुए इसे संगठनात्मक मजबूती का परिणाम बताया। समाज के लोगों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इस मांग को अब ठोस दिशा मिली है।
सभी समाजजनों को बधाई
यादव समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि को समाज की सामूहिक जीत बताते हुए समस्त यादव समाज को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार शीघ्र ही इस पर सकारात्मक निर्णय लेकर सामाजिक समरसता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाएगी।