कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
पोड़ी बचरा, कोरिया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के तहत पोड़ी मंडल कांग्रेस कमेटी में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। पार्टी ने मंडल की कमान सक्रिय, संघर्षशील और जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वाले राहुल जायसवाल को सौंप दी है। इस नियुक्ति को कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा भरने और निष्क्रियता तोड़ने की निर्णायक पहल माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक यह नियुक्ति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के अनुमोदन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई है।
संगठन सृजन अभियान में स्पष्ट संदेश: अब मैदान में सक्रिय नेतृत्व
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत यह फैसला बताता है कि पार्टी अब केवल नाम नहीं, बल्कि काम करने वाले चेहरों को आगे ला रही है। राहुल जायसवाल को मिली जिम्मेदारी उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता और क्षेत्र में मजबूत जनसंपर्क का प्रतिफल मानी जा रही है।
कार्यकर्ताओं में जोश, विरोधियों में हलचल
राहुल जायसवाल की ताजपोशी की खबर सामने आते ही पोड़ी मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ नजर आया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह नियुक्ति संगठन को जमीनी लड़ाई के लिए तैयार करने वाला फैसला है। वहीं राजनीतिक हलकों में इसे आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
राहुल जायसवाल का एलान: संगठन को धार देंगे, जनता से जुड़ेंगे
नियुक्ति के बाद राहुल जायसवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए दो टूक कहा कि कांग्रेस ने जो भरोसा जताया है, उसे वे परिणाम में बदलेंगे। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय मोर्चे पर लाना और जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।