कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
पोड़ी बचरा, कोरिया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के तहत बंजारीडांड मंडल कांग्रेस कमेटी में बड़ा बदलाव किया है। सक्रिय और जमीनी स्तर के संघर्षशील नेता बसंत सिंह पोया को मंडल की कमान सौंपी गई है। यह कदम पार्टी में नई ऊर्जा भरने और निष्क्रियता दूर करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के अनुमोदन और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर हुई है। बसंत सिंह पोया का लंबा संगठनात्मक अनुभव, पार्टी के प्रति निष्ठा और क्षेत्रीय जनसंपर्क उन्हें यह जिम्मेदारी दिलाने का बड़ा कारण है।
सक्रिय नेतृत्व का स्पष्ट संदेश: नाम नहीं, काम वाले चेहरे आगे
कांग्रेस का यह फैसला बताता है कि अब पार्टी केवल नामी नेताओं पर नहीं, बल्कि मैदान में उतरने वालों को मौका देगी। पोया की नियुक्ति से बंजारीडांड मंडल और आसपास के इलाकों में कार्यकर्ताओं में जोश का संचार हो गया है। उनका मानना है कि यह कदम संगठन को जमीनी जंग के लिए तैयार करेगा। राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।
पोया का वादा: संगठन को ताकत देंगे, जनता के मुद्दे उठाएंगे
नियुक्ति स्वीकार करते हुए बसंत सिंह पोया ने पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस का यह भरोसा परिणामों में बदलेगा। मंडल स्तर पर संगठन मजबूत करेंगे, कार्यकर्ताओं को सक्रिय मोर्चे पर लाएंगे और जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक पहुंचाएंगे।"