राष्ट्रपति के नाम कड़ा ज्ञापन, कलेक्टर बैकुंठपुर के माध्यम से प्रेषित
कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
बैक़ुंठपुर (कोरिया)।
जिले में उस वक्त सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई जब अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, जिला कोरिया ने फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महासभा ने महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के नाम कड़ा ज्ञापन सौंपते हुए फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। ज्ञापन कलेक्टर बैकुंठपुर के माध्यम से भेजा गया।
महासभा का आरोप है कि फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और प्रचार सामग्री में यादव समाज की छवि को कथित रूप से गलत और आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है, जिससे समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
“सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
महासभा पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि यादव समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे समाज की प्रतिष्ठा पर आंच लाने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाया तो आंदोलन की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।
निष्पक्ष जांच की मांग, प्रदर्शन पर रोक की अपील
ज्ञापन में संबंधित मंत्रालय और प्राधिकरण से फिल्म की निष्पक्ष जांच कराने तथा उसके प्रदर्शन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई है। महासभा ने विश्वास जताया है कि शासन-प्रशासन समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए ठोस निर्णय लेगा।
इस दौरान सुशील यादव (जिलाध्यक्ष), देवधारी यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष), बलराम यादव, सोना यादव (ब्लॉक अध्यक्ष पटना), रमेश यादव, घनश्याम यादव (जिला उपाध्यक्ष), महेश यादव (जिलाध्यक्ष) रामलखन यादव, मोहन यादव (ब्लॉक अध्यक्ष बैकुंठपुर), लक्ष्मण यादव, देवनारायण यादव, प्रेम शंकर यादव, संतोष यादव, सरवन यादव, अशोक यादव, अमित यादव, के.एन. यादव, लल्लू यादव, मनोज कुमार यादव, रोहिणी यादव, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
जिले में अब यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बन चुका है और समाजजन आगे की रणनीति को लेकर एकजुट नजर आ रहे हैं।