Header Ads Widget

विज्ञापन हेतु संपर्क करें - श्री गुलशन कुमार मो.नं - 7879069737

फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर बवाल, महासभा ने उठाई प्रतिबंध की मांग

कोरिया टाईम्स | ब्यूरो चीफ: गुलशन यादव

कोरिया/बैकुंठपुर। फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर जिले में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा कोरिया के जिला महासचिव रघुवर यादव ने फिल्म के नाम और कथित विषयवस्तु पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। रविवार सुबह जारी बयान में उन्होंने कहा कि किसी जाति विशेष के नाम को फिल्म के शीर्षक में इस प्रकार प्रयोग करना समाज की भावनाओं से खिलवाड़ है।

रघुवर यादव ने सवाल उठाया कि क्या निर्माताओं के पास कोई अन्य नाम नहीं था, या फिर जानबूझकर विवाद उत्पन्न कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इस तरह के शीर्षक से एक समाज को टारगेट किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी फिल्म, गीत या रचना जो किसी जाति, धर्म-संप्रदाय, देवी-देवताओं या महापुरुषों का अपमान करती हो, उसका पुरज़ोर विरोध किया जाएगा। साथ ही देशवासियों से अपील की कि समाज की गरिमा के खिलाफ बनाई गई किसी भी सामग्री का समर्थन न करें।

फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें फिल्म निर्माताओं के रुख और प्रशासन की संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।