कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
राजपुर/बलरामपुर। फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर जिले में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने फिल्म के नाम और कथित विषयवस्तु पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि आज बलरामपुर में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर फिल्म पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है।
“जाति विशेष के नाम का प्रयोग समाज की भावनाओं से खिलवाड़” – प्रदेश उपाध्यक्ष
जारी बयान में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने कहा कि किसी जाति विशेष के नाम को फिल्म के शीर्षक में इस प्रकार प्रयोग करना अनुचित है और इससे समाज की भावनाएं आहत हो सकती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या निर्माताओं के पास कोई अन्य नाम नहीं था, या फिर जानबूझकर विवाद खड़ा कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका
महासभा का आरोप है कि इस प्रकार के शीर्षक से एक समाज को लक्षित किया जा रहा है, जिससे सामाजिक समरसता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी जाति, धर्म-संप्रदाय, देवी-देवताओं या महापुरुषों का अपमान करने वाली सामग्री का पुरज़ोर विरोध किया जाएगा।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। महासभा ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।अब सभी की निगाहें प्रशासन की संभावित कार्रवाई और फिल्म निर्माताओं के रुख पर टिकी हैं।