शुभम यादव को युवा प्रकोष्ठ जिला महामंत्री की कमान, निवेश यादव की रणनीति और मेहनत से ऐतिहासिक बना आयोजन
कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
बलरामपुर/शंकरगढ़। विकासखंड शंकरगढ़ के नया साप्ताहिक बाजार बचवार स्थित रिपा केंद्र रविवार को समाजिक एकजुटता का केंद्र बन गया, जब अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की बहुप्रतीक्षित बैठक भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस आयोजन में समाजजनों की भारी उपस्थिति ने इसे शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। पूरे परिसर में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव एवं राजेश कुमार यादव, सरगुजा संभागीय अध्यक्ष परमानंद यादव, बलरामपुर जिला संरक्षक राम बिहारी यादव तथा जिला कार्यकारी अध्यक्ष रामाधार यादव की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष व्यास मुनी यादव ने की। मंच से समाज की एकता, शिक्षा विस्तार, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक समरसता और युवा नेतृत्व को लेकर सार्थक मंथन हुआ।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण क्षण वह रहा जब शुभम यादव को बलरामपुर जिला का युवा जिला महामंत्री घोषित किया गया। जैसे ही यह घोषणा हुई, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। तालियों की गूंज के बीच उन्हें दायित्व सौंपा गया।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि शुभम यादव युवाओं को संगठित कर महासभा को गांव-गांव तक मजबूत करेंगे और समाजहित के मुद्दों को नई धार देंगे। उनके नेतृत्व में युवाओं की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी।
इस पूरे आयोजन की सफलता के पीछे निवेश यादव की सक्रियता और रणनीतिक सोच को प्रमुख आधार माना गया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर समाजजनों को जोड़ने, समन्वय स्थापित करने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने तक उन्होंने निरंतर मेहनत की।
वरिष्ठ नेताओं ने मंच से खुले शब्दों में स्वीकार किया कि निवेश यादव के प्रयास, संवाद क्षमता और समर्पण के कारण ही यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और अनुकरणीय बन सका। उनकी पहल ने न केवल संगठन को मजबूती दी, बल्कि युवाओं में भी नई ऊर्जा का संचार किया।
संगठन विस्तार का संकल्प
बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि संगठित समाज ही सशक्त समाज की पहचान है। जमीनी स्तर पर सक्रियता, आपसी सहयोग और युवा नेतृत्व के समन्वय से ही महासभा अपने उद्देश्यों को प्राप्त करेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन, पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह बैठक केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संगठनात्मक शक्ति, युवा जोश और सामाजिक एकता का सशक्त प्रदर्शन साबित हुई।