कोरिया टाईम्स ब्यूरो रघुवर यादव
बैकुंठपुर (कोरिया), 08 मार्च 2026। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये तथा कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के कुमार चौक में एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
महंगाई से आम जनता परेशान: प्रदीप गुप्ता
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है। इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस आज हर घर की बुनियादी जरूरत बन चुकी है, लेकिन बार-बार कीमतों में वृद्धि से आम जनता को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। जनता को राहत देने के बजाय लगातार आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों का घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ी हुई गैस कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मांग पूरी नहीं हुई तो जारी रहेगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को जल्द वापस नहीं लिया गया तो पार्टी जनहित में आगे भी आंदोलन जारी रखेगी और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
ये नेता रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीर भट्टाचार्य, हेमसागर यादव, बिहारी लाल राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, आशीष यादव, कृष्ण कुमार राजवाड़े, अनिल जायसवाल, यूसुफ इराकी, आशीष डबरे, दीपक गुप्ता, राजीव गुप्ता, जाग्रत कुर्रे, रियाजउद्दीन, एजाज़ गुड्डू, एस एन मोदी, संजोती मरकाम, अन्नपूर्णा सिंह, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।